बीकानेर, 19 मार्च (हि.स.)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि राज्य सरकार बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर बेहद गंभीर है लिहाजा जिले को लेकर बजट वर्ष 2024-25, 2025-26 व 2026-27 में जो भी घोषणाएं हुई हैं उनको संबंधित विभाग जल्द से जल्द पूरा करवाने में तत्पर रहे। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गर्मियों में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए खींवसर ने कहा कि गर्मियों में आमजन को पेयजल को लेकर कोई परेशानी ना हो। इसको लेकर टेंडर इत्यादि के कार्य जल्द से जल्द कर लें।

खींवसर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले की बजट घोषणाओं वर्ष 2024-25, 2025-26 व 2026-27 ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति, पंच गौरव, एक जिला-एक उत्पाद, संपर्क पोर्टल, राज्य स्तर पर लंबित मुद्दों, नमो नर्सरी, विद्यालय भवनों की स्थिति व मरम्मत कार्य, राइजिंग राजस्थान, एलपीजी की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।
पंच गौरव समीक्षा में कृषि विपणन अधिकारी ने बताया कि मोठ को जीआई टैग दिलाने की कवायद जारी है। साथ ही 6 करोड़ लागत की मोठ प्रोसेसिंग यूनिट लगाने को लेकर प्रभारी सचिव ने राज्य स्तर पर बात करने का आश्वासन दिया। एक जिला-एक उत्पाद की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव श्री देबाशीष पृष्टि ने कहा कि मोठ की खेती ज्यादातर बारानी इलाकों में ही होती है लिहाजा ऑर्गेनिक भुजिया को भी प्रमोट किया जा सकता है।
संपर्क पोर्टल की समीक्षा करते हुए एडीपीएस मनोज मीणा ने बताया कि 5 अप्रैल तक 500 असंतुष्ट परिवेदनाओं का भौतिक सत्यापन करवाया जाएगा। संबंधित विभाग इसको लेकर फोटो, वीडियो भेजेंगे। इसकी विस्तृत रिपोर्ट जयपुर भेजी जाएगी।
आगामी सोमवार से 20 फीसदी व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में घरेलू गैस आपूर्ति सुचारू है। आगामी सोमवार से 20 फीसदी व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति भी शुरू कर दी जाएगी।
बैठक में बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, प्रभारी सचिव देबाशीष पृष्टी, कलेक्टर नम्रता वृष्णि, एसपी मृदुल कच्छावा, निगम कमिश्नर मयंक मनीष, बीडीए कमिश्नर अपर्णा गुप्ता, सीईओ जिला परिषद सोहन लाल, एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
