मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन गुरूवार को विंध्याचल धाम पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने दर्शन-पूजन के बाद केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर जमकर निशाना साधा। राजश्री आरती के पश्चात मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और नरेंद्र मोदी लगातार जनता को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है, लेकिन सरकार इसे स्वीकार नहीं कर रही। अगर कोई कहता है कि गैस की कमी नहीं है, तो वह मिर्जापुर की किसी भी गैस एजेंसी पर जाकर देख ले, उन्होंने तंज कसते हुए कहा। साथ ही राम मंदिर में ‘राम रसोई’ बंद होने का मुद्दा भी उठाया।
विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर स्पष्ट रुख नहीं अपना पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी जी को इजरायल के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं हो रही है और मिडिल ईस्ट की स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ईरान-इजरायल तनाव अगर लंबा खिंचा तो भारत में पेट्रोलियम और गैस संकट गहरा सकता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह पिछले 40 वर्षों से मां विंध्यवासिनी के दरबार में आ रहे हैं और देश की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय संकट के जल्द समाप्त होने की भी प्रार्थना की। इस दौरान कांग्रेस नेता राजन पाठक समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
