जबलपुर, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम के अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने लमती स्थित मानस चौक पर गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। जनहित और सुगम यातायात को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ने यहाँ लगभग ढाई हजार वर्गफुट क्षेत्र को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है।

टीम ने सुबह ही मानस चौक पहुँचकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की, लगभग ढाई हजार वर्गफुट क्षेत्र, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जा था, उसे पूरी तरह साफ कर दिया गया है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मानस चौक और आस-पास के क्षेत्रों में यातायात के दबाव को कम करना और स्थानीय निवासियों के लिए आवागमन आसान बनाना है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने इस कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि अतिक्रमण हटने से न केवल सड़कें चौड़ी दिखेंगी, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। निगमायुक्त अहिरवार ने स्पष्ट किया है कि शहर के व्यवस्थित विकास में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
