नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम जून में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ एक अहम टी20 सीरीज खेलेगी। क्रिकेट आयरलैंड के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रेम वेस्ट ने इस सीरीज की पुष्टि की है। यह सीरीज आईसीसी के फ्यूचर टूर प्रोग्राम (एफटीपी) का हिस्सा नहीं है, लेकिन इसे इंग्लैंड दौरे से पहले भारत के लिए एक महत्वपूर्ण तैयारी माना जा रहा है।

आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद भारत का इंग्लैंड दौरा होगा, जहां टीम पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। ये मुकाबले चेस्टर-ले-स्ट्रीट, मैनचेस्टर, नॉटिंघम, ब्रिस्टल और साउथैम्प्टन में आयोजित होंगे। इसके अलावा तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे। ऐसे में आयरलैंड सीरीज भारतीय टीम के लिए संयोजन और फॉर्म को अंतिम रूप देने का अच्छा मौका होगी।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने हाल ही में घरेलू जमीन पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 96 रन से हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। इस जीत के बाद टीम का मनोबल काफी ऊंचा है।
इस बीच आयरलैंड क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अनुभवी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग ने टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है, हालांकि वह वनडे टीम की कप्तानी जारी रखेंगे। वेस्ट ने उनकी नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि अब यह सही समय है कि नया कप्तान अपनी रणनीति और शैली विकसित करे, जिसकी शुरुआत भारत के खिलाफ सीरीज से होगी।
अब आयरलैंड की टीम तीनों फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तानों के नेतृत्व में खेलेगी—टेस्ट में एंड्रयू बालबर्नी, वनडे में स्टर्लिंग और टी20 कप्तान की घोषणा जल्द की जाएगी।
भारत ने आखिरी बार अगस्त 2023 में आयरलैंड का दौरा किया था, जहां जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-0 से जीती थी। तीसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।
———————-
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
