प्रयागराज, 20 मार्च (हि.स.)।

प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जनपदों में मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीलीभीत, अमरोहा, बिजनौर, मेरठ, भदोही, मिर्जापुर और प्रयागराज के कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे के गरज-चमक वाले तूफान के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान सतही हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
प्रयागराज में शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में बिजली भी चमक रही है, जिससे मौसम सुहावना होने के साथ-साथ सतर्कता की भी आवश्यकता बनी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विभाग मौसम वैज्ञानिक डा एस.एन.पांडेंय का कहना है कि शुक्रवार एवं शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और तेज हवाएं भी चल सकती है। कुछ स्थानों पर बूंदा बांदी होंगी। तेज बारिश के आसार नहीं हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
