कोलकाता, 20 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में चैत के शुरुआत से ही मौसम ने करवट ले ली है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। राजधानी कोलकाता में भी पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश दर्ज की गई है। अलीपुर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम का यह सिलसिला अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को कोलकाता में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही समुद्र में भी उथल-पुथल बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण राज्य में आंधी-तूफान और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में शनिवार तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को शुक्रवार और शनिवार को समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि समुद्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
उत्तर बंगाल के जिलों में भी मौसम का कहर जारी रहने की संभावना है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और यह स्थिति सोमवार तक बनी रह सकती है।
दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। कुल 12 जिलों में इसको लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
तापमान की बात करें तो शुक्रवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है।
कुल मिलाकर, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज खराब रहने की संभावना है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
