नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (सेंट्रल रेंज) यूनिट ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान विजय पात्रो के रूप में हुई है, जो सरिता विहार इलाके में हुए हत्या के मामले में वांछित था और अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने शुक्रवार को बताया कि मामला 15 सितंबर 2023 का है। अली विहार निवासी आकाश मंडल की शिकायत पर सरिता विहार थाने में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप था कि विजय पात्रो ने अपने साथियों राजू पात्रो, मनोज हल्दार, अलहायत और शंभू समेत अन्य के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के पिता अर्धेंदु मंडल पर गली में चाकू और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियारों से हमला कर दिया था। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपित शंभू प्रमाणिक, रवि, राजू पात्रो और मनोज हल्दार को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल कर दी थी। जबकि विजय पात्रो और अतेंदु हल्दार फरार हो गए थे। बाद में 25 जुलाई 2025 को अदालत ने दोनों को भगोड़ा करार दिया और उनकी गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें इंस्पेक्टर वीर सिंह के नेतृत्व में एएसआई दीपचंद, हेड कांस्टेबल संदीप, विनोद और मनोज शामिल थे। टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपित की लोकेशन मुंबई में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम मुंबई पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपित को नीलम फूड सेंटर के पास से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित वहीं एक रेस्टोरेंट में काम कर रहा था और पहचान छिपाकर रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को मुंबई की अदालत में पेश किया गया, जहां से पांच दिन का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया गया है। उसे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और कम उम्र में ही गलत संगत में पड़कर अपराध की दुनिया में कदम रख दिया था। उसके दोनों बड़े भाई भी इसी मामले में पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं और उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
