आसनसोल, 20 मार्च (हि. स.)। आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने शुक्रवार को बर्नपुर इलाके के रामबांध, श्यामबांध समेत कई क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और विकास को लेकर सीधे संवाद किया।

चुनाव प्रचार के दौरान अग्निमित्रा पॉल ने राज्य सरकार और आसनसोल नगर निगम पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के वार्ड संख्या 95 में हालात बेहद खराब हैं। कई इलाकों में निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम न तो इन समस्याओं का समाधान कर रहा है और न ही किसी अन्य एजेंसी को काम करने दे रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही। अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखीं।
लोगों ने बताया कि सड़कों पर गड्ढों की भरमार है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से घरों में पानी भर जाता है। बुनियादी सुविधाओं का अभाव अब गंभीर समस्या बन चुका है। इन शिकायतों को सुनते हुए अग्निमित्रा पॉल ने भरोसा दिलाया कि वे इन मुद्दों को चुनाव का मुख्य एजेंडा बनाएंगी।
अग्निमित्रा पॉल ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगर मुझे आपका समर्थन मिला, तो आसनसोल दक्षिण की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास किया जाएगा।—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
