

सीतापुर, 20 मार्च (हि.स.)। नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद करखिला गांव के पास मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाईं में जा गिरी। जिससे महिलाओं समेत 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रामपुरकला थाना क्षेत्र के करीब 40 से अधिक ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से नैमिषारण्य मुंडन संस्कार कराने आए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी करखिला गांव के पास सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाईं में जा गिरी। हादसे में करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चार लोगों की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नवनीत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। करीब 8 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य और लगभग 12 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संदना में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में सलोना पत्नी किशोर, तारा सिंह पत्नी कौशल, राजकुमार वर्मा, गयाराज सिंह, पट्टन सिंह, रोली और जानकी सहित अन्य लोग शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद 15 लोगों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि 4 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। ट्रैक्टर के साथ ट्राली पर बैठकर यात्रा करने पर प्रतिबंध लगने के बावजूद ग्रामीण इलाकों के निवासी अनदेखा कर रहे हैं। केवल कृषि कार्य के लिए प्रयोग में होने वाली ट्राली पर समूह के साथ बैठकर यात्रा करने पर प्रतिबंध है, बावजूद लोग अनदेखा कर रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
