आसनसोल, 21 मार्च (हि. स.)।

आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच दीवार लेखन को लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच विवाद सामने आया है। घटना हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर रोड स्थित डोली लॉज इलाके की है, जहां इस मुद्दे को लेकर इलाके में तनाव फैल गया।
आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी के समर्थन में दीवार लेखन किया जा रहा था, तभी तृणमूल कार्यकर्ताओं ने बाधा डाली। वहीं, तृणमूल पार्षद मौसमी बसु का कहना है कि जिस जगह पर भाजपा दीवार लिख रही थी। आरोप है कि पहले से तृणमूल द्वारा दीवार बुक की गई थी। मामले की सूचना हीरापुर थाने की पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की।
घटना के बाद दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए। इस दौरान भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी भी मौके पर पहुंचे और तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ उनकी कहासुनी हो गई।
कृष्णेंदु मुखर्जी ने दावा किया कि दीवार लेखन मकान मालिक की अनुमति से किया जा रहा था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
