सीवान, 22 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मुखिया की गाड़ी में बाइक के हल्के धक्के के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें दोनों तरफ के कई लोग घायल हो गए।

घटना में मुखिया हारून रशीद, जाहिर अहमद और जाकिर हुसैन के साथ-साथ दूसरे पक्ष के जहांगीर और उसका भतीजा अरमान घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।
घटना के संबंध में घायल जहांगीर ने बताया कि वह करबला बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। गांव के पास मुखिया अपनी चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़ी किए हुए थे। साइड लेने के लिए उसने कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन गाड़ी नहीं हटाई गई। इसके बाद जब वह साइड से बाइक निकालने लगा तो बाइक में टंगा झोला गाड़ी से हल्का सट गया।
जहांगीर का आरोप है कि इसी बात को लेकर मुखिया और उनके समर्थकों ने उसे लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, बाद में वे लोग उसके घर पहुंचे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर भी चलाए गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
वहीं, दूसरी ओर मुखिया हारून रशीद ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि यह हमला पुरानी रंजिश के तहत किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव का एक व्यक्ति हथियार लेकर अपने साथियों के साथ आया और उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके भाई का सिर फोड़ दिया गया तथा उन्हें और एक अन्य व्यक्ति को भी गंभीर चोटें आईं।
फिलहाल, दोनों पक्षों के घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
