धनबाद, 22 मार्च (हि.स.)। धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति कॉलोनी स्थित ईसीएल क्वार्टर में एक युवक की हत्या करने का मामला रविवार काे प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान काजल राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतक का भाई कार्तिक राय ने बताया कि काजल राय देर शाम अपने क्वार्टर पहुंचे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पास के गांव में कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। रातभर युवक घर में अकेला था। सुबह जब परिजन कीर्तन से लौटे और घर का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। काजल राय खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले काे लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलु से मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
