-पत्नी की वजह से दुष्कर्म मामला आया सामने

मुंबई, 23 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक दुष्कर्म मामले में सोमवार को पुणे के सहकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में दो नए मामले दर्ज किए गए हैं। अब तक आरोपित के खिलाफ कुल छह दुष्कर्म के मामले दर्ज किए गए हैं और इसकी जांच एसआईटी और नासिक पुलिस कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के नासिक जिले में खुद को ‘गॉडमैन’ कहने वाले अशोक खरात के खिलाफ दो और केस दर्ज किए गए हैं। खरात को 18 मार्च को तब गिरफ्तार किया गया था, जब एक महिला ने उस पर तीन साल तक बार-बार रेप करने का आरोप लगाया था। अधिकारी ने बताया कि ये नए केस एक सात महीने की गर्भवती महिला और एक अन्य महिला के कथित यौन शोषण से जुड़े हैं। खरात ने दूसरी महिला से दोबारा शादी करने का झांसा देकर उसका शोषण किया था।
अधिकारी ने कहा, खरात ने नवंबर 2023 से दिसंबर 2025 के बीच अपने नासिक स्थित ‘कनाडा कॉर्नर’ ऑफिस में गर्भवती महिला का रेप किया। उसने महिला से वादा किया था कि वह कुछ धार्मिक अनुष्ठान करेगा, जिससे उसे स्वस्थ संतान होगी।महिला
की शिकायत पर ‘भारतीय न्याय संहिता’ और ‘महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, बुराई और अघोरी प्रथाओं और काला जादू रोकथाम और उन्मूलन अधिनियम’ के तहत एक केस दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि दूसरा केस एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया है। महिला ने बताया कि वह और उसके परिजन सबसे पहले 2013 में खरात से मिले थे, ताकि उसकी शादी तय हो सके। अधिकारी ने कहा, शिकायतकर्ता की शादी हो जाने के बाद भी खरात उसका शोषण करता रहा। जब उसकी शादी टूट गई, तो खरात ने उससे संपर्क किया और दावा किया कि वह उसकी दोबारा शादी करवा सकता है। वह लगातार उसका रेप करता रहा। महिला ने इस मामले की शिकायत सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है।
नासिक स्थित स्थानीय सूत्रों ने बताया कि दुष्कर्म मामले के आरोपित अशोक खरात की पत्नी कल्पना खरात को अपने पति की कारगुजारियों का पता चल गया था। इसलिए कल्पना खरात ने अशोक खरात में काम करने वाले कर्मचारी नीरज जाधव से मिलकर आरोपित के कार्यालयों में गोपनीय तरीके सेकैमरा लगवा दिया था। इन कैमरों में दुष्कर्म की तस्वीरें कैद हो जाने के बाद नीरज जाधव ने इनमें से ४० वीडियो चोरी से निकाल लिया था और गायब हो गया था। इसके बाद नीरज जाधव ने इस वीडियों को देख, पीडि़त महिलाओं को फोन कर ब्लैकमेल करने लगा था। दूसरी तरफ अशोक खरात की पत्नी ने गोपनीय कैमरे से वीडियो निकालकर पुलिस को दिया था। फिलहाल मामले की हर ऐंगल से जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
