बरेली, 23 मार्च (हि.स.) । बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को सोमवार को आयोजित नीलामी से बड़ी सफलता मिली। रामगंगा नगर आवासीय योजना और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के विभिन्न सेक्टरों में व्यवसायिक भूखण्डों की नीलामी से प्राधिकरण को करीब 140 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। नीलामी शिविर का आयोजन बीडीए के नवीन कार्यालय भवन में किया गया, जहां विभिन्न श्रेणी और क्षेत्रफल के भूखण्डों के लिए बोली लगाई गई।

नीलामी प्रक्रिया में बड़ी संख्या में निवेशकों और आवेदकों ने भाग लिया। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार व्यवसायिक भूखण्डों की मांग को देखते हुए बेहतर प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिससे अपेक्षा से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ। शिविर में सचिव वन्दिता श्रीवास्तव, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी शिवधनी सिंह यादव, विशेष कार्याधिकारी नीलम श्रीवास्तव, अजीत कुमार और अधिशासी अभियंता ए.पी.एन. सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इधर, बीडीए ने शहर के विस्तार को देखते हुए नई टाउनशिप योजना पर भी काम तेज कर दिया है। दिल्ली-लखनऊ बड़े बाईपास और पीलीभीत बाईपास मार्ग पर करीब 267 हेक्टेयर क्षेत्र में नई टाउनशिप विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजना में 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी जोनल रोड के साथ 18 मीटर तक चौड़ी आंतरिक सड़कें प्रस्तावित हैं। सभी बिजली लाइनें भूमिगत होंगी और 132 केवीए का विद्युत उपकेंद्र भी बनाया जाएगा। टाउनशिप में एम्यूजमेंट पार्क और कम्युनिटी सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंदन ए ने कहा कि नीलामी में निवेशकों का उत्साह प्राधिकरण की योजनाओं पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि प्राप्त राजस्व को शहर के समग्र विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार में उपयोग किया जाएगा। नई टाउनशिप योजना को बेहतर आधारभूत ढांचे और सुव्यवस्थित विकास के साथ तैयार किया जा रहा है, जिससे बरेली को एक आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
