गुवाहाटी, 24 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शिवसागर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला और जनता से प्रगति एवं विकास के लिए भाजपा गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

जनसभा को बाद में बीती रात प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “चुमा बाबा” को वोट देने से कोई लाभ नहीं होगा। उन्होंने शिवसागर की जनता से आग्रह किया कि राज्य के सतत विकास और स्थिर सरकार के लिए भाजपा गठबंधन को समर्थन दें।
अखिल गोगोई द्वारा भाजपा प्रत्याशी कुशल दुवरी पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आरोप निराधार और तथ्यों से परे हैं। उन्होंने गोगोई पर भ्रामक राजनीति करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने प्रणव बोरो की दुखद मृत्यु का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने यह भी कहा कि असम के कई युवाओं का जीवन गलत राजनीति के कारण प्रभावित हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जनता को पहचानना चाहिए।
उन्होंने कहा, “शिवसागर की जनता खुद तय करेगी कि कौन योग्य है और उसी को वोट देगी,” और मतदाताओं की समझदारी पर विश्वास जताया।
वहीं, भाजपा नेता दिलीप सैकिया ने दावा किया कि इस बार शिवसागर की जनता अखिल गोगोई से राहत चाहती है, जिससे क्षेत्र के राजनीतिक माहौल में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
