रामगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। शहर के सौदागर मुहल्ला स्थित श्री श्री प्राचीन चैती दुर्गा पूजा मंदिर में चैती दुर्गा पूजा का आयोजन हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया जा रहा है। यह मंदिर पुश्तैनी परंपरा से जुड़ा हुआ है और वर्षों से अग्रवाल परिवार के संरक्षण में यहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती आ रही है। मंदिर के कर्ता-धर्ता जागेश्वर प्रसाद, नेमचंद प्रसाद, गुलाबचंद प्रसाद, संजय अग्रवाल, विकास अग्रवाल, रवि अग्रवाल सहित समस्त अग्रवाल परिवार द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा की जाती है। मंदिर के पुजारी नित्यानंद पाठक और नरेंद्र पाठक के सान्निध्य में इस वर्ष भी पारंपरिक रीति से पूजा का शुभारंभ किया गया।

मंगलवार को शाम 6.30 बजे षष्ठी पूजा के साथ मां दुर्गा के पूजन का शुभारंभ हुआ। पूजा शुरू होते ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे मोहल्ले में भक्ति का माहौल बन गया।
इस प्राचीन पूजा की खास परंपरा यह है कि मां का आगमन डोली में और विदाई हाथी पर मानी जाती है। दशमी के दिन मां दुर्गा की प्रतिमा को मुहल्ले के श्रद्धालु अपने कंधों पर उठाकर पूरे नगर का भ्रमण कराते हुए बिजोलिया तालाब रोड तक ले जाते हैं, जहां श्रद्धा और विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाता है।
पूजा समिति के अनुसार 28 मार्च की शाम 04 बजे से रात के 08 बजे तक विसर्जन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मुहल्ले के लोगों ने बताया कि यह पूजा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति का प्रतीक है, जिसमें हर वर्ग और हर परिवार की भागीदारी रहती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
