रांची, 24 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। जिसमें गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने, मांग-आपूर्ति के अंतर को कम करने और कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कई क्षेत्रों से अनियमित सप्लाई, डिलीवरी में देरी, बुकिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी और स्टॉक की कमी की शिकायतें मिल रही हैं। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सप्लाई सिस्टम को पारदर्शी और सुगम बनाया जाए।
डिस्ट्रीब्यूटर्स को अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध कराने और तय समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने निगरानी के लिए विशेष टीम गठित करने का भी निर्णय लिया है, जो पूरे जिले में गैस आपूर्ति की लगातार समीक्षा करेगी। इसके साथ ही, एलपीजी से जुड़ी शिकायतों के लिए ईमेल आईडी जारी की गई है। नागरिक कालाबाजारी या अन्य समस्याओं की शिकायत यहां भेज सकते हैं। इसके अलावा अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
उपायुक्त ने चेतावनी दी कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर जबरन सिलेंडर उठाने की शिकायतें भी मिली हैं, जिससे वैध उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए जरूरत के अनुसार गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। वहीं, जहां संभव हो, पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन अपनाने की सलाह दी गई है, जिसे सुरक्षित और किफायती विकल्प बताया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
