
शिवसागर (रोहतास) प्रखंड में ममता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। बताया जाता है कि प्रसव के बाद एक महिला अपने नवजात बच्चे को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गई। इसके बावजूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक ने पुलिस को इसकी सूचना दी है। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की शाम खुद को धनमुनि देवी, पति अमरजीत पासवान नाम दर्ज कराते हुए एक प्रसूति महिला अचानक पीएचसी शिवसागर पहुंची। लेबर पेन होने के कारण डॉक्टरों ने तुरंत उस महिला का डिलीवरी करवाया। महिला ने एक स्वस्थ नवजात लड़के को जन्म दिया। लेकिन रात के 1:30 बजे के बाद अचानक बच्चे को छोड़कर महिला गायब हो गई। सुबह तकस्वास्थ्य कर्मियों ने महिला का इंतजार किया। लेकिन काफी देर के बाद भी महिला लौट कर नहीं आई। इसके बाद इसकी सूचना शिवसागर थाना की पुलिस को दी गई। अस्पताल में दिए गए पते के अनुसार पुलिस जब शिवसागर थाना क्षेत्र के कोनार पंचायत के बेरुकही गांव में जानकारी लेने पहुंची तो पता चला कि इस नाम पता का कोई महिला गांव में नहीं है। जिसके बाद सभी सकते में आ गए। पीएससी के चिकित्सक डॉ. रमन ने बताया कि महिला अकेले अस्पताल पहुंची थी।