जोधपुर, 25 मार्च (हि.स.)। शहर में चैत्र नवरात्रि के उपलक्ष्य में कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। कई लोगों ने बुधवार को अष्टमी पर्व मनाया। इस दौरान मंदिरों में हवन, संकीर्तन व कन्या पूजन के कार्यक्रम हुए। अष्टमी पर्व कल भी मनाया जाएगा।

कनौजिया समाज विकास समिति की ओर से रिक्तियां भैरुजी चौराहे के पास रेलवे ब्रिज के नीचे स्थित चामुंडा माता मंदिर में चैत्र मास शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से शुरू हुए नौ दिवसीय कार्यक्रम के दौरान आज अष्टमी पर हवन हुआ, जिसमें समिति सदस्यों ने आहुतियां प्रदान कर सभी के सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। दोपहर में महिला मंडल द्वारा संकीर्तन किया गया।
समिति के सचिव दुलीचंद कनौजिया ने बताया कि 26 मार्च को सुबह 11 बजे कन्या पूजन व प्रसादी का आयोजन होगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलमंडली व विशेष रोशनी से सजाया गया है तथा देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का मनोरम श्रृंगार किया गया है।
वहीं सामाजिक सरोकार निभाते हुए प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुस्कान ग्रुप द्वारा शक्ति का प्रतीक, जगत का कल्याण व रक्षा करने वाली मां दुर्गा की आराधना कर उनके प्रतिरूप कन्याओं का दुर्गाष्टमी के अवसर पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 17 ई स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय आसोप की पोल सहित अन्य विद्यालयों में कन्याओं का चरण पखारने के पश्चात पूजन कर उनसे विश्व शांति और कल्याण के आशीर्वाद लिया गया।
ग्रुप संस्थापक इंजीनियर निर्मल माथुर ने बताया कि मुस्कान ग्रुप के सदस्य मधुबाला, दीपा माथुर, वीणा, डॉक्टर आभा भगवान चंद, राजेन्द्र माथुर, नरेंद्र प्रकाश, राजेन्द्र प्रकाश, राजकुमार माथुर, राजेंद्र मन्नू माथुर विद्यालय के प्राचार्य रहमततुल्ला, अध्यापिका शोभा जोशी आदि की उपस्थिति में बच्चों को शिक्षा में कार्य आने वाली वस्तुएं बेग, लंच बॉक्स, ज्यामिति बॉक्स, वाटर बॉटल सहित खाने पीने की वस्तुएं, फल, ज्यूस, बिस्किट चॉकलेट आदि भेट की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
