मुंबई, 25 मार्च (हि.स.)। नासिक में ढोंगी बाबा अशोक खरात को लेकर राज्य में सियासी हंगामा मचा हुआ है। एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार को लेकर चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि अजित दादा जब जिदा थे उनके घर के बाहर काला जादू किया जाता था। क्या यह सब उनकी ताकत कम करने या उनकी ताकत अपने पास लाने के लिए किया जाता था।

विधान भवन में बुधवार को मीडिया से बात करते हुए रोहित पवार ने कहा कि जब अजित दादा थे, तो बारामती में उनके घर के बाहर और मुंबई में उनके देवगिरी बंगले के बाहर काला जादू किया जाता था। उन्होंने कहा कि हमने खुद यह देखा है। कुछ नेताओं के शरीर पर घाव या उंगली कटने के निशान भी हैं। हमें पता लगाना चाहिए कि यह सब क्यों किया जा रहा था।
रोहित ने संदेह जताया कि यह कथित काला जादू नासिक में ढोंगी बाबा अशोक खरात के ज़रिए किया गया होगा। क्या कुछ लोग अजित दादा की ताकत कम करने और उसे अपने पास लाने के लिए ऐसा कर रहे थे? साथ ही उन्होंने इस बात पर भी शक जताया कि 28 तारीख को अजीत दादा की मौत एक एक्सीडेंट थी या हत्या, इसकी सच्चाई सामने लाना ज़रूरी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
