पूर्वी सिंहभूम, 25 मार्च (हि.स.)। मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (एमटीएमसी) में बुधवार काे हृदय रोगों में नैदानिक दृष्टिकोण विषय पर राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित किया गया।

मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (एमएचई) की इस इकाई की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के कुल 241 विशेषज्ञों और प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को हाइब्रिड मोड में आयोजित किया गया, जिसमें 105 प्रतिभागी ऑफलाइन और 142 प्रतिभागी ऑनलाइन जुड़े।
सम्मेलन का आयोजन एलाइड हेल्थ साइंसेज विभाग के कार्डियोवैस्कुलर टेक्नोलॉजी (सीवीटी) प्रभाग ने किया, जिसमें मणिपाल हॉस्पिटल, कोलकाता के कार्डियक साइंसेज विभाग का सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ जी अरुण मैया और डॉ रवींद्र नाथ चक्रवर्ती ने किया।
तकनीकी सत्रों में डॉ अजय अग्रवाल, डॉ एसवीके सुदीप, डॉ आशीष हलदर, डॉ कृष्णानंद नायक और डॉ दिलीप कुमार सहित कई विशेषज्ञों ने हृदय रोगों की पहचान, उपचार और आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। सम्मेलन में युवा शोधकर्ताओं को ओरल और पोस्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने शोध प्रस्तुत करने का अवसर मिला, वहीं उत्कृष्ट शोध कार्यों को सम्मानित भी किया गया।
उल्लेेेेखनीय है कि जमशेदपुर स्थित एमटीएमसी, एमएएचई की एक प्रमुख इकाई है, जिसे इंस्टीट्यूशन ऑफ एमिनेंस का दर्जा प्राप्त है। यह संस्थान आधुनिक सुविधाओं, समर्पित फैकल्टी और टाटा स्टील के सहयोग से उच्चस्तरीय चिकित्सा शिक्षा दे रहा है। टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के साथ जुड़ाव के माध्यम से यह क्षेत्र की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को भी पूरा कर रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
