धनबाद, 25 मार्च (हि.स.)। गया-धनबाद रेलखंड पर रेलवे ने हाई स्पीड ट्रेनों के संचालन को लेकर हाजीपुर रेल जोन के जीएम छत्रसाल सिंह ने पूर्व मध्य रेल के इस महत्वपूर्ण सेक्शन पर बुधवार को स्पीड ट्रायल का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक की गति को 160 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 180 किलोमीटर प्रति घंटा करने की संभावनाओं का आकलन किया गया।

निरीक्षण के लिए विशेष ट्रेन के जरिए जीएम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से धनबाद रेलवे स्टेशन तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नलिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि पिछले साल अप्रैल में इस रूट पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति का सफल परीक्षण किया गया था और अब लक्ष्य इसे बढ़ाकर 180 किलोमीटर प्रति घंटा करना है।
उन्होंने कहा कि गया और धनबाद मंडल के बीच स्वचालित सिग्नल प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है और ट्रैक कवरेज का काम भी तेजी से चल रहा है। आज के निरीक्षण के दौरान स्पीड मॉनिटरिंग के साथ-साथ विभिन्न विभागों से जरूरी इनपुट भी लिए गए हैं, ताकि ट्रैक को हाई स्पीड के अनुरूप पूरी तरह तैयार किया जा सके।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। रेलवे की योजना है कि दिल्ली से मुंबई और दिल्ली से हावड़ा के बीच हाई स्पीड ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए इस तरह के ट्रायल किए जा रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
