गंगटोक, 26 मार्च (हि.स.)। सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांति मोर्चा (एसकेएम) पार्टी के सभी उम्मीदवार आगामी नगरपालिका चुनाव 2026 के लिए आज नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि राज्य के सभी छह जिलों के अंतर्गत आने वाले नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए आज नामांकन दाखिल किया जाएगा।

सिक्किम राज्य चुनाव आयोग ने 23 मार्च को प्रदेश में नगर पालिका चुनाव 2026 की घोषणा की थी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है। राज्य के सभी नौ शहरी स्थानीय निकायों में मतदान 24 अप्रैल को होगा और मतगणना 25 अप्रैल को होगी।
नगर पालिका चुनावों की घोषणा के साथ ही एसकेएम पार्टी ने नगर निगम और नगर परिषद सहित सभी नगर पंचायतों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। एसकेएम के उम्मीदवार आज सुबह 10 बजे से सभी शहरी स्थानीय निकायों के लिए नामांकन दाखिल करना शुरू करेंगे।
सिक्किम में नगर पालिका चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 93 हजार 697 है। सभी 9 शहरी स्थानीय निकायों के 63 वार्डों में मतदान होगा, जिनके लिए 121 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
पिछले नगर पालिका चुनाव की तुलना में इस बार वार्डों में 23 प्रतिशत, मतदान केंद्रों में 36 प्रतिशत और जिलों में दो प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस प्रकार मतदाताओं की संख्या में 14.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
दूसरी ओर, राज्य में किसी भी विपक्षी दल ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।
————
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung
