
डिजिटल टीम, डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। रोहतास जिले के रोहतास प्रखंड के तेलकप मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन दिन पहले से तड़प रहे भैंसे की जान बचाने में एनजीओ कार्यकर्ता की पहल काम आई। प्रोजेक्ट एनिमल लाइफ से जुड़ी पूर्वीका ने इसकी जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गुरुवार शाम को बीमार भैंसे को पटना के वेटरनरी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भिजवाया। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर की सुबह किसी अज्ञात वाहन से भैंसे का एक्सीडेंट हो गया था। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय की छात्रा को इसकी जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मिली।
एनजीओ एक्टिविस्ट ने इसके लिए जिला पशु चिकित्सा पदाधिकारी सहित कई अधिकारियों से संपर्क का पर्यास किया। जानकारी मिली की इसका इलाज़ रोहतास जिले में संभव नहीं है बेहतर इलाज के लिए राजधानी पटना के वेटरनरी कॉलेज भेजना पड़ेगा। भैंसे को तड़पता देख तेलकप मोड़ में रहने वाले लोग काफी व्यथित थे। एनजीओ कार्यकर्ता की पहल पर सभी जनप्रतिनिधियों का जुटान हुआ। मुखिया और जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से बीमार भैंसे को पटना भेजा गया है।
इस दौरान स्थानीय मुखिया अनीता टोप्पो, बंजारी पंचायत मुखिया मोहम्मद अली हसन, बीजेपी नेता संजय तिवारी, रोहतास प्रखंड सरपंच संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार शर्मा, श्री राम पासवान, सुरेश सिंह, सरकारी पशु चिकित्सक ओकेश मुर्तजा, न्याय सचिव दीपक पासवान, उप मुखिया लाल बिहारी सिंह, पूर्व पैक्स अध्यक्ष सुरेश सिंह, बिहारी सिंह, सरफुद्दीन खान, पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मौजूद थे. स्थानीय ग्रामीण सुनील और बीगन ने भी सहयोग किया।
पहल की स्थानीय लोगों ने की प्रशंसा
बेजुबान जानवरों के जीवन को बचाने के लिए किए गए प्रयास की सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र यादव, बसंत सोनी, महेंद्र ओझा उर्फ छोटी, बीजेपी नेता संजीव कुमार, पत्रकार विनय कुमार पाठक, विजय कुमार पाठक, अनिल दूबे, सुधीर सिंह सहित स्थानीय लोगों ने काफी प्रशंसा की है. उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज में एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास करेगा.