अलीपुरद्वार, 27 मार्च (हि. स.)। फालाकाटा में शुक्रवार तड़के एक हाथी रिहायशी इलाके में घुसने से हड़कंप मच गया। हालांकि हाथी के हमले से कोई हताहत नहीं हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, शालकुमारहाट से सब्जी लेकर फालाकाटा किसान बाजार जा रहे शंकर राय अचानक रास्ते में हाथी को देखकर घबरा गए। हाथी के हमले से किसी तरह वहां से निकल पाए। निरन बर्मन के घर की बाड़ और पक्का खंभा तोड़ दिया, जिससे एक गाय घायल हो गई। फिर अनिता बर्मन और सुबोध बर्मन के घर पर हमला किया। अनिता उस समय आंगन में काम कर रही थी, किसी तरह पास के घर में भागकर जान बचाई। हाथी ने सुबोध बर्मन के टिन के मंदिर और सड़क किनारे नगेन मजूमदार की दुकान को भी नुकसान पहुंचाया।
सूचना पाकर वन विभाग की टीम जलदापाड़ा पश्चिम रेंज के बांगरडाकी बीट से मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद हाथी को फिर से जंगल की ओर खदेड़ दिया गया। वन्यजीवों के हमलों को लेकर स्थानीय लोगों में वन विभाग की निगरानी को लेकर नाराजगी है। विभाग की ओर से प्रभावित लोगों को सरकारी नियमों के तहत जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
