
सीतापुर ,27 मार्च (हि.स.)। शहर के सिविल लाइन इलाके में शुक्रवार दोपहर एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। खैराबाद कस्बे में वर्षों से प्रैक्टिस कर रहे वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. राजेंद्र चौधरी (69) ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली उनकी कनपटी को चीरते हुए आर-पार निकल गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 1 बजे की है।

बताया जा रहा है कि लंच के बाद डॉ. चौधरी अपने कमरे में चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी शक्ति चौधरी नीचे घर के काम में व्यस्त थीं। तभी अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। घबराई पत्नी दौड़कर ऊपर पहुंचीं तो देखा कि उनके पति खून से लथपथ बेड पर औंधे मुंह पड़े हैं और पास में रिवॉल्वर पड़ी है। यह मंजर देखते ही वह चीख पड़ीं और बेसुध हो गईं।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पड़ोसियों और नजदीकी रिश्तेदारों के अनुसार, दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों में बातचीत बंद थी। हालांकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
डॉ. चौधरी के दो बेटे हैंं। बड़ा बेटा दिवांश एयरफोर्स में डॉक्टर है और खड़गपुर में तैनात है, जबकि छोटा बेटा उत्तम लखनऊ में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी गहरे सदमे में हैं और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। सीओ सिटी विनायक भोसले ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
