
नासरीगंज (रोहतास) नासरीगंज नगर पंचायत का चुनाव पहले चरण में 10 अक्टूबर को होना। चुनाव चिह्न मिलने के साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। उम्मीदवारों ने मतदाताओं के घर दस्तक देना शुरू कर दिया है। एक उम्मीदवार के दरवाजे से उठते ही दूसरे उम्मीदवार दरवाजे पर पहुंचने लगे हैं। जिससे मतदाताओं की परेशानी बढ़ गई है। लेकिन महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों पर प्रत्याशी मैदान में नही, बल्कि उनके पति मैदान में उतर कर वोट मांग रहे हैं। महिलाओं का चेहरा पोस्टरों तक ही सिमट गया है। सुरक्षित सीट से उनके पति के चेहरे पर ही वोट मांगे जा रहे हैं। ऐसा अमूमन महिलाओं के लिए सुरक्षित मुख्य व उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद के तीनों पदों पर दिख रहा है।
नगर पंचायत में इसी ढर्रे पर सभी प्रत्याशी अपने-अपने लिए वोट मांग रहे हैं। हालांकि कुछ सीट ऐसे हैं, जिनपर महिलाएं अपने पति से अधिक मैदान में सक्रिय हैं। जातिगत सुरक्षित सीटों से दावेदारी पेश करने वाली महिलाएं अपने चुनाव प्रचार की कमान खुद संभाल रही हैं। डोर टू डोर कैंपेनिंग से लेकर क्षेत्रो के चयन में उनकी भूमिका अहम रह रही है। वहीं सामान्य सीटों से चुनावी समर में उतरी महिलाएं नामांकन दाखिल करने के बाद अब भी जनता से दूर हैं। हालाकिं कुछ महिलाओं ने डोर टू डोर कैंपेन शुरू किया है। लेकिन रणनीति तैयार करने में उनकी भागीदारी बहुत ही कम है। नगर निकाय चुनाव में मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए के उम्मीदवारों द्वारा तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। वहीं फेसबुक, व्हारसप्प से लेकर सीधे जनसंपर्क कर अपने पक्ष में वोट डालने के लिए कहा जा रहा है।नासरीगंज नगर पंचायत हेतु 14 वार्डों के पार्षद के साथ ही इस बार पहली बार मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद सीधे जनता के द्वारा चुना जाना है। इस बार चुनावी मैदान में उतरे 46 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला नगर पंचायत के कुल 18337 मतदाता जिसमें 9634 पुरुष एवं 8703 महिला मतदाता करेंगे। सबसे अधिक 2109 मतदाता वार्ड एक में है जबकि सबसे कम मतदाता वार्ड सात में 781 है।
