रांची, 28 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और सांसद संजय सेठ ने कहा है कि इस वर्ष रांची में रामनवमी में राम भक्तों का ऐतिहासिक जनसमूह देखने को मिला। इस बार की रामनवमी ने पिछले 50 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रतीक है कि हमारा सनातनी भावना जागृत हो रही है। यह बातें रक्षा राज्य मंत्री ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही।

सेठ ने कहा कि विपरीत और खराब मौसम के बावजूद इस बार की रामनवमी में रांची के रामभक्तों ने पिछले 05 दशकों का इतिहास पीछे छोड़कर अपनी रिकॉर्ड उपस्थिति दर्ज कराई है। सबसे अच्छी बात यह रही कि इस भीड़ में हजारों महिला श्रद्धालुओं ने शस्त्र कौशल का प्रदर्शन किया और शोभायात्रा का हिस्सा बनीं। यह इस बात का भी प्रतीक है कि हमारी महिलाएं भी सनातन जागृति का वाहक बन रही हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह संभव हुआ है। प्रधानमंत्री ने हिंदुत्व का पुनर्जागरण कर, उसे नई प्रतिष्ठा दी है।
रांची की सड़कों पर महिला श्रद्धालुओं का जो समूह दिखा है, वह इस बात का भी प्रतीक है कि सनातनी नारी शक्ति दुर्गा के स्वरूप में एक बार पुनः जागृत हो चुकी है। सेठ ने हर रामभक्त के प्रति आभार जताया है और कहा है कि हम सब प्रभु श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में भी उतारें। धर्म को अपने पारिवारिक और सामाजिक जीवन में धारण करें। मर्यादा और अनुशासन के साथ अपनी सनातनी संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव खड़े रहें। उन्होंने रांची में शांतिपूर्ण संपन्न हुई रामनवमी को लेकर सभी रामनवमी अखाड़ा, महावीर मंडल और प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रति भी आभार जताया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
