बरेली, 28 मार्च (हि.स.) । जिला जज प्रदीप कुमार द्वितीय और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को बोर्ड ऑफ विजिटर्स के साथ केंद्रीय कारागार-2 का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जेल परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की स्थिति को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला जज ने बैरकों, रसोईघर, जेल अस्पताल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों के रहने की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही कारागार प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने भी जेल परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कारागार में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए तथा बंदियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक, जेलर और अन्य कारागार कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि कारागार प्रशासन सुचारु रूप से संचालित होता रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
