* दिग्गजों का 12-13 नवम्बर को होगा जुटान

सासाराम (रोहतास) इस वर्ष शाहाबाद महोत्सव बाबु वीर कुंवर सिंह की जन्मभूमि जगदीशपुर में आयोजित किया जाएगा, इसके लिए आयोजन समिति ने तैयारी आरंभ कर दी है। प्राचीनकाल में कुरूष प्रदेश के नाम से प्रसिद्ध वर्तमान भोजपुर, रोहतास, कैमूर तथा बक्सर जिले का शाहाबाद प्रक्षेत्र के ऐतिहासिक धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए यहाँ पर्यटन को बढावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2019 से आयोजित किया जा रहा शाहाबाद महोत्सव को इस वर्ष भव्य बनाने की तैयारी है। इस सम्बन्ध में शाहाबाद महोत्सव आयोजन समिति के संयोजक अखिलेश कुमार ने बताया कि शाहाबाद जिला विभाजन का इस वर्ष 10 नवम्बर को 50 पूरे हो जाएगा। लेकिन शाहाबाद का रहन सहन, खान-पान, सब एक है और यहां के लोग सतयुग के राजा हरिश्चन्द्र से लेकर त्रेता युग में भगवान राम, मध्य काल में शेरशाह, बाबू वीर कुंवर सिंह के साथ आधुनिक वर्तमान काल तक के गौरवशाली इतिहास तथा सांस्कृतिक विरासत को समेटे हुए है।
अखिलेश कुमार ने कहा कि 50 वर्ष हमारी भौगोलिक सीमाओं के रेखांकित होने के बावजूद रहन सहन खान-पान और समाजिक परिवेश एक हैं। उन्होंने कहा कि शाहाबाद महोत्सव का चौथा आयोजन जगदीशपुर में हो रहा है, जहाँ शाहाबाद के धरोहर एवं पर्यटन की संभावनाओं पर एक डेकॉमेन्ट्री फिल्म बनाकर प्रस्तुत करने की योजना है। साथ हीं सीमा पर शहीद हुए शाहाबाद के वीर जवानों के स्मृति में स्वतंत्रता आन्दोलन के अग्रणी योद्धा बाबु वीर कुंवर की जन्मभूमि पर एक स्मारक बनाने का भी प्रस्ताव है। विदित हो इस महोत्सव के माध्यम से आपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृति को याद करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है और तीन वर्षों में इसके सकारात्मक संकेत भी दिखने लगा है।
