बलरामपुर, 30 मार्च (हि.स.)। बलरामपुर में प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने स्पष्ट संकेत दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। खासतौर पर ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल आपूर्ति, किसानों के पंजीयन और आवास योजनाओं की प्रगति पर विशेष फोकस रखा गया।

संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, राजस्व प्रकरण, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं और पेयजल आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा जैसे मामलों का त्वरित और प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हाईकोर्ट में लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने एग्री स्टेक पोर्टल में जिले के सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन आवासों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत, पूर्ण और अपूर्ण आवासों की जानकारी ली और लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन के अंतर्गत स्वीकृत गतिविधियों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत और वय वंदन योजना के तहत कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष हितग्राहियों के कार्ड शीघ्र बनाने को कहा गया। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए।
ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का चिन्हांकन कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि गर्मी में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर जिला सांख्यिकी अधिकारी से जानकारी लेते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
