नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में साेमवार दाेपहर नाले की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दिलशाद गार्डन स्थित क्यू पॉकेट में सफाई कार्य के दौरान एक दिहाड़ी मजदूर की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, सीमापुरी थाना को इस संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दो दिहाड़ी मजदूरों को नाले की सफाई के लिए लगाया गया था।

घटना के संबंध में शिकायतकर्ता कैपिटल (32), निवासी अराधक नगर, सीमापुरी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ नाले से गाद निकालने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसका साथी राहुल अचानक नाले में फिसलकर गिर गया और गहरे पानी में डूब गया। जब तक उसे बाहर निकाला जाता, उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान राहुल (33) निवासी सुंदर नगरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रक्षावा दिया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
