– 2019 तक शाम को ही बनते थे फूल बंगला

– हाई पावर्ड कमेटी ने 10 गुना बढ़ा दिया है शुल्क
मथुरा, 30 मार्च (हि.स.)। वृन्दावन ठा. बांकेबिहारी महाराज मंदिर में गोस्वामियों और हाई पावर्ड कमेटी का गतिरोध एक बार फिर सामने आ गया। फूल बंगला बनाने के एवज में मंदिर कोश में जमा कराई जाने वाली राशि के 10 गुना करने के कारण सोमवार को ठा. बांकेबिहारी महाराज सोमवार सुबह फूल बंगला में विराजमान नहीं हो सके। इसके बाद जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई भक्त फूल बंगला नहीं बनवा सकता तो कमेटी की ओर से इसे तैयार कराया जाएगा।
ठा. बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी को फूल बंगला में विराजमान कराने की लंबी परंपरा है। पहले केवल सायंकालीन दर्शनों में ही फूल बंगला बनता था। जिसे 2019 से फूल बंगला बनवाने वाले आवेदकों की लंबी कतार को देखते हुए राजभोग दर्शनों का भी विस्तार मिल गया। बांकेबिहारी महाराज के फूल बंगला बनवाने को लेकर श्रद्धालुओं में बड़ा उत्साह रहता है। जिसके एवज में मंदिर कोश में 15000 रुपये जमा कराए जाते थे। जिसे हाई पावर्ड कमेटी द्वारा पिछली बैठक में मंदिर की आय बढ़ाने की गरज से 10 गुना बढ़ाकर एक लाख इक्यावन हजार रुपये कर दिया गया। कामदा एकादशी से शुरु हुए बंगलों का यह दूसरा ही दिन है कि जिसमें आराध्य बांकेबिहारी महाराज फूल बंगला में विराजमान नहीं हो सके। जिसका कारण कमेटी में राशि जमा कराने में गोस्वामी और यजमान की असमर्थता सामने आ रहा है। वहीं इसे लेकर हाई पावर्ड कमेटी के गोस्वामी सदस्य दिनेश गोस्वामी ने दुःख जताया है।
वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी ने इस पर संज्ञान लेते हुए कहा कि यदि किसी भक्त की ओर से फूल बंगला बुक नहीं कराया जा सकेगा, तो कमेटी की ओर से फूल बंगला बनवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि आस्था से कोई खिलावाड़ नहीं हो सकेगा और परंपराओं को संरक्षित करने का पूरा प्रयास किया जायेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
