कैथल, 31 मार्च (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने विदेश में रिश्तेदार बनकर एक बुजुर्ग से 23 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मोहम्मद आरिज व सुनील के रूप में हुई है। मामले की जांच साइबर क्राइम थाना प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने की।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार काे बताया कि चीका क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 निवासी संतोख ने शिकायत दी थी कि उसके दो बेटे पिछले 15 वर्षों से इटली में रह रहे हैं। उसके साले बहादुर के बेटे बलराज और मनजीत भी इटली में हैं, जिनमें से मनजीत बचपन से ही उसके पास रहा, जिससे उसका अच्छा लगाव था। शिकायत के अनुसार 29 मई 2023 को संतोख के पास एक विदेशी नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को मनजीत बताते हुए विश्वास में ले लिया। आरोपी ने भारत आने के लिए कागजात तैयार करवाने के नाम पर पहले तीन लाख रुपये मांगे। विश्वास में आकर शिकायतकर्ता ने बताए गए बैंक खाते में पैसे जमा करवा दिए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर जैसे कागजात फीस, मां की बीमारी, एक्सीडेंट, पुलिस कार्रवाई और कोर्ट के खर्च का हवाला देकर लगातार पैसे ऐंठे। कभी अस्पताल खर्च, कभी जुर्माना और कभी मामले को रफा-दफा करने के नाम पर पैसे मांगे गए। इस तरह आरोपियों ने कुल 23 लाख रुपये ठग लिए।
बाद में जब शिकायतकर्ता ने अपने साले से बात की तो पता चला कि मनजीत बिल्कुल ठीक है और उसने किसी प्रकार के पैसे नहीं मांगे। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ और साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी सुनील ने ठगी के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था, जबकि मोहम्मद आरिज ने भी साइबर ठगों को बैंक खाता मुहैया करवाने में भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी सुनील को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मोहम्मद आरिज का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
