आसनसोल, 31 मार्च (हि. स.)। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को भाजपा उम्मीदवार डा विजन मुखर्जी की ओर से की ओर से एक विरोध रैली और धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह रैली भाजपा के जामुड़िया प्रत्याशी के नेतृत्व में चुरुलिया चौधरी पुकुर इलाके से निकाली गई। रैली की शुरुआत में महान कवि की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसके बाद यह जुलूस चुरुलिया हटिया होते हुए तारा माइंस तक पहुंचा, जहां धरना और विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और जमकर नारेबाजी की गई। इस मौके पर डॉ. विजन मुखर्जी ने निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य और जामुड़िया में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। यहां आज भी लोगों को स्वच्छ पेयजल तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने अवैध बालू खनन, कोयला तस्करी और बढ़ते प्रदूषण को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। जामुड़िया जैसे औद्योगिक क्षेत्र में भी स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और सड़कों की स्थिति भी खराब है, जिससे लोगों में असंतोष है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का यह प्रदर्शन जनता की बुनियादी मांगों को सामने लाने के लिए किया गया है और लोगों में बदलाव की इच्छा साफ दिखाई दे रही है।
दूसरी ओर, जामुड़िया से तृणमूल प्रत्याशी हरेराम सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि के नेतृत्व में पूरे राज्य के साथ-साथ तृणमूल में भी व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये समस्याएं पहले से थीं तो भाजपा उम्मीदवार ने पहले आवाज क्यों नहीं उठाई।
हरे राम सिंह ने कहा कि पेयजल की समस्या काफी हद तक सुलझा ली गई है और जो थोड़ी बहुत परेशानी बची है, उसे भी जल्द दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों की हालत पहले से बेहतर हुई है और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है, जिसे चुनाव के बाद आगे बढ़ाया जाएगा।
तारा माइंस के प्रबंधन की ओर से भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी गई। मैनेजर निलेश रंजन भुंईया ने बताया कि भाजपा की ओर से एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि इस मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
