जयपुर, 31 मार्च (हि.स.)। राजधानी के बस्सी थाना इलाके में मंगलवार सुबह एक प्रेमी युगल के सुसाइड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रीको एरिया में धोबियों का फाटक के पास एक युवक और युवती ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस को रेलवे ट्रैक पर शवों के कई टुकड़े बिखरे मिले, जिन्हें बड़ी मुश्किल से एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

थानाधिकारी (बस्सी) धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि घटना स्थल के पास ही एक बाइक खड़ी मिली थी, जिसमें चाबी लगी हुई थी। पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच शुरू की, जिससे मृतकों की पहचान हो सकी। मृतकों में 19 वर्षीय युवती जामडोली की निवासी थी, जबकि 26 वर्षीय युवक बस्सी क्षेत्र का रहने वाला था।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों सोमवार देर शाम अपने-अपने घरों से निकले थे। युवती के लापता होने पर परिजनों ने सोमवार रात को ही जामडोली थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को ट्रैक पर शव होने की सूचना मिली।
पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग का माना जा रहा है। हालांकि, मौके से पुलिस को किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
