मुंबई, 31 मार्च (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका के कमिश्नर भूषण गगरानी के सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी जगह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े की नियुक्ति की गई है। मंगलवार से उन्होंने कमिश्नर का पदभार संभाल लिया। मुंबई मनपा की पहली महिला कमिश्नर बनने का सम्मान उन्हें प्राप्त हुआ है। गगरानी ने भिड़े को पदभार सौंपा।

अश्विनी भिड़े इससे पहले मनपा में अतिरिक्त मनपा आयुक्त (पूर्वी उपनगर) के पद पर काम कर चुकी हैं। मुंबई कोस्टल रोड परियोजना के काम में उनकी अहम भूमिका रही है। वर्तमान में वह मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थीं। वह 1995 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें सिविल सर्विस में लगभग 31 साल का अनुभव है। उन्होंने महाराष्ट्र में कई अहम पदों पर काम किया है। इनमें जिला परिषद की सीईओ, अतिरिक्त विभागीय आयुक्त, महाराष्ट्र सरकार की संयुक्त सचिव, मुख्यमंत्री की अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे अहम पद शामिल है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मनपा आयुक्त (पश्चिम उपनगर) विपिन शर्मा, अतिरिक्त मनपा आयुक्त (शहर) अस्विनी जोशी, अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
