कानपुर, 31 मार्च (हि.स.)। आकाशीय पिंडों का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा को नई दिशा देता है। यह बातें मंगलवार को खगोल विज्ञान क्लब के मेंटर डॉ. प्रबल प्रताप सिंह ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर में खगोल विज्ञान क्लब द्वारा मंगलवार को आकाशीय गतिविधियों के अवलोकन हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सायं पांच बजे से सात बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आलोक कुमार, निदेशक यूआईईटी तथा क्लब मेंटर डॉ. प्रबल प्रताप सिंह के निर्देशन में किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों के लिए विशेष दूरबीन (टेलीस्कोप) की व्यवस्था की गई, जिसके माध्यम से उन्होंने चंद्रमा सहित विभिन्न आकाशीय पिंडों का सूक्ष्म अवलोकन किया।
अवलोकन सत्र के दौरान विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं, जिससे उनकी समझ और रुचि में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कार्यक्रम में क्षितिज मौर्य, मुकेश यादव, श्रेष्ठ बाजपेयी, प्रतीक सिंह, आदव्य त्रिपाठी, आराधना सिंह एवं सचिन यादव समेत अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान से भी जोड़ते हैं। यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक अनुभव भी साबित हुआ, जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच और अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा और अधिक प्रबल हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
