महोबा, 01 अप्रैल (हि.स.)।उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में खेत पर काम कर रहे युवक पर आपसी रंजिश को लेकर दबंगों ने फायर झोंक दिया, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

जनपद के कबरई थाना क्षेत्र के गांव रैवारा निवासी अरुण पुत्र बलवीर (24) अपने खेत पर मंगलवार की देर शाम काम कर रहा था। तभी बाईकों पर सवार होकर आए दबंगों ने गाली गलौच शुरू कर दिया और विरोध करने पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली अरुण के हाथ में लगी, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर गया।
घायल के चाचा रमाकांत ने बताया कि 7 बाईकों में लगभग 12 लोग आए, जिनमें सुमित और सुभाष तमंचा लिए थे। जहां सुमित ने भतीजे को गोली मार दी। आनन फानन में घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर किया गया है।
कबरई थाना प्रभारी सतवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अभी किसी भी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है,आरोपितों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी
