लखनऊ , 01 अप्रैल (हि.स.)। आल टीचर्स एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा ) के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने बताया कि पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) की बहाली के लिए आज 01 अप्रैल को पूरे प्रदेश के शिक्षक व कर्मचारी काली पट्टी बांधकर सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं।

उन्हाेंने बताया कि तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1 अप्रैल 2005 को पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर नयी पेंशन याेजना (एनपीएस) लागू कर दिया गया था। इस व्यवस्था को लागू हुए 20 वर्ष से अधिक हो चुके हैं और काफी शिक्षक व कर्मचारी रिटायर हो चुके हैं। इस व्यवस्था में रिटायर हो चुके लोगों को बुढ़ापे में दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। इसलिए प्रदेश के शिक्षक व कर्मचारी बुधवार को अपने अपने कार्य स्थल पर काली पट्टी बांधकर सरकार से एनपीएस व यूपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था (ओपीएस) लागू करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एनपीएस शिक्षकों कर्मचारियों के लिए काला कानून है क्योंकि यह काला कानून 1 अप्रैल 2005 को लागू हुआ था। इसीलिए अटेवा प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल को काला दिवस मनाता आ रहा है जिसमें सभी विभागों के शिक्षक कर्मचारी अपने अपने कार्यस्थलों पर बांह में काली पट्टी बांध कर विरोध प्रकट कर रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह
