संवाददाता, नौहट्टा (रोहतास)। बिहार-झारखंड को जोड़ने वाली महत्वकांक्षी पंडुका पुल निर्माण योजना के शिलान्यास के लिए सोमवार को बीजेपी के दिग्गज नेता नितिन गड़करी पहुंचने वाले हैं। इससे पहले राजनीतिक माहौल कुछ अलग तरह का दिख रहा है। रोहतास जिले के दक्षिण का यह इलाका विकास से लंबे समय तक कोसो दूर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण से यहां के लोगों को काफी फायदा होगा। झारखंड, उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित यह इलाका नक्सली गतिविधियों से लंबे समय तक प्रभावित रहा है। लेकिन अब विकास की धारा पूरे इलाके में बह रही है। कम से कम सड़क निर्माण औऱ हॉस्पिटल और स्कूलों के भवनों को देखकर यह साफ लगता है।

बीजेपी जिलाध्यक्ष सुशील कुमार केंद्रीय परिवहन मंत्री नितीन गड़करी के आने की सूचना से काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। उन्होंने नौहट्टा प्रखंड मुख्यालय पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी की। बातचीत के क्रम में कहा कि इससे डेहरी अनुमंडल के तीन प्रखंड तिलौथू, रोहतास और नौहट्टा के लोगों को सबसे ज्यादा लाभ होगा. झारखंड के अलावा अन्य प्रदेशों में जाना आसान हो जाएगा।


उनका मानना है कि पर्यटन के लिहाज से ये काफी उपयोगी साबित होगा। दोनों राज्यों के लोगों का सांस्कृतिक औऱ पारिवारिक जुड़ाव भी है। रोहतासगढ़ किला औऱ तुतला भवानी के जलप्रभात के अलावा अन्य पर्यटन स्थलों पर लोग आसानी से पहुंच सकेंगे। केंद्रीय स्तर के नेता के इस इलाके में आगमन से कार्यकर्ताओं काफी उत्साहित हैं। स्वागत औऱ प्रचार प्रसार के लिए फ्लेक्स, तोरण द्वार बनवाया जा रहा है। जबकि जनसंपर्क अभियान चलाने के लिए कार्यकर्ताओं को कहा गया है। बीजेपी के स्थानीय पदाधिकारी गड़करी जैसे नेता के आगमन को एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।
सांसदों को मिला है नेवता
स्थानीय सांसद छेदी पासवान के अलावा पलामू के सांसद बीडी राम को भी कार्यक्रम में आने का निमंत्रण खुद नितिन गड़करी ने दिया है। झारखंड से सांसद बने राम बिहार और झारखंड से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहते हैं। उन्होंने इस कार्य के शिलान्यायास होने की जानकारी साझा करते हुए इसके वर्तमान महत्व को साझा किया है।
बीजेपी नेताओं के बाद अधिकारियों ने भी किया प्रस्तावित स्थल का दौरा
नौहट्टा प्रखंड के पंडु़का स्थित पुल निर्माण स्थल और शिलान्यास स्थल का दौरा जिले के वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया है। इस दौरान जिले के डीएम और एसपी के अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे.
महिला नेत्री भी कर रही विशेष तैयारी
दिग्गज बीजेपी नेता के आगमन के पहले महिला कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में निमंत्रण देने का काम बीजेपी की महिला नेत्री भी कर रही हैं. बीजेपी की जिला मंत्री अमृता सिंह और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आरती गुप्ता कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में आमंत्रित कर रही है. स्थानीय स्तर पर प्रचार प्रसार जारी है.
