औरैया, 01 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में रुरुगंज कस्बा क्षेत्र के निकट ग्राम साहूपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन बुधवार काे सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया गया। आचार्य पंडित नरेश चन्द्र शुक्ला ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की सच्ची मित्रता का मार्मिक प्रसंग सुनाया।

उन्होंने बताया कि सुदामा अत्यंत गरीब ब्राह्मण थे, लेकिन उनके मन में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट प्रेम और विश्वास था। जब वे द्वारिका पहुंचे, तो भगवान श्रीकृष्ण ने उनका अत्यंत सम्मान करते हुए उनके चरण धोकर सच्ची मित्रता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। बिना कुछ मांगे ही भगवान ने सुदामा का जीवन सुख-समृद्धि से भर दिया।
इस भावुक प्रसंग को सुनकर कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरा पंडाल भक्ति भाव से सराबोर रहा तथा ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा। कथा के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर परीक्षित शिव प्रकाश मिश्रा, उमा देवी, विनय मिश्रा, गौरव मिश्रा, अरविंद द्विवेदी सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
