नैनीताल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर क्यूआरटी द्वारा सघन छापेमारी की जा रही है। अभियान के तहत बुधवार को 15 गैस एजेंसियों, 13 प्रतिष्ठानों और 18 वाहनों की जांच की गई। जबकि अब तक 60 गैस एजेंसियों, 78 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और 73 गैस डिलीवरी वाहनों का औचक निरीक्षण किया गया है। बताया गया है कि इस कार्रवाई में अब तक कालाबाजारी से जुड़े चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। साथ ही 12 घरेलू, 28 व्यवसायिक और 22 छोटे गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जबकि एक पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया गया है।

आपूर्ति की स्थिति के अनुसार जनपद में एक दिन में 8391 घरेलू और 487 व्यवसायिक सिलेंडर प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश उपभोक्ताओं को वितरण किया गया, जबकि पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। इसके बावजूद गैस आपूर्ति से संबंधित 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका संबंधित एजेंसियों के माध्यम से निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं बंट पा रही है गैस
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में गैस का वितरण नहीं हो पा रहा है। नैनीताल जनपद मुख्यालय के निकटवर्ती में पटवाडांगर, ज्योलीकोट बाजार, दोगांव, भुजियाघाट, सूर्याजाला आदि क्षेत्रों में माह के अंत में गैस की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन बीते माह के अंत में आपूर्ति नहीं हो पायी, जबकि गेठिया व चोपड़ा में आपूर्ति हुई लेकिन सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाये। इस कारण कई ग्रामीण नगर में आकर भी गैस लेने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं अब मुख्यालय स्थित पर्वत गैस एजेंसी सबसे पहले इन क्षेत्रों में आपूर्ति कराने की प्राथमिकता पर कार्य कर रही है। गैस प्रबंधक अंकिता पांडे ने बतााया कि अभी लगभग 1500 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लंबित है। वहीं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों के बारे में उन्होंने बताया कि लगभग सभी छोटे होटल-रेस्टोरेंटों को 1 से 2 और कुछ बड़े होटलों को इससे अधिक भी सिलेंडर दिये गये हैं। कुल मिलाकर लगभग 900 वाणिज्यिक सिलेंडर बांटे जा चुके हैं।
जंगलिया गांव क्षेत्र में दो माह से गैस वाहन न पहुंचने की शिकायत
नैनीताल। भीमताल विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के बूढ़ा धूरा और माल गांव क्षेत्रों में घरेलू गैस की गंभीर किल्लत बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार फरवरी माह से अब तक इंडेन गैस का वाहन क्षेत्र में नहीं पहुंचा है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या को लेकर ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला तथा सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने जिला पूर्ति अधिकारी से ब्लॉक कार्यालय भीमताल में भेंट कर क्षेत्र में शीघ्र गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में ब्लॉक प्रमुख भीमताल एवं संबंधित प्रबंधक को लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया है। वहीं अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दो दिन के भीतर बूढ़ा धूरा क्षेत्र में गैस वाहन भेजा जाएगा। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने कहा कि एक बार में पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने से स्थिति में सुधार हो सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने तथा गैस वितरण व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
