झांसी के शिक्षकों ने विधान परिषद सभापति का किया धन्यवाद ज्ञापित

झांसी, 01 अप्रैल (हि.स.)। बुधवार को झांसी के विषय विशेषज्ञ शिक्षक विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने उन्हें शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पुरानी पेंशन का विकल्प प्रदान कर शासनादेश जारी कराना कार्यरत विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ सेवा निवृत हुए विषय विशेषज्ञों के लिए वरदान साबित हुई। इसके साथ ही जितने भी श्रेणी के विद्यालय चलते हैं सभी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा भी प्रदान करने का कार्य सरकार ने किया। उन्होंने विधान परिषद सभापति को माल्यार्पण एवं शाल श्रीफल भेंट कर उनके एवं सरकार के प्रतिआभार एवं कृतज्ञता प्रकट की।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के समय प्रदेश में करीब 2300 विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को रखा गया था। उस समय उनका वेतनमान के नाम पर 05 हजार रुपये दिए जाते थे। उसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के समय एक आदेश के साथ सभी विषय विशेषज्ञों का विनियमितीकरण कर दिया गया। लेकिन 2005 से पहले की नियुक्ति होने के बाबजूद भी उन्हें पुरानी पेंशन की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। इसको लेकर वर्तमान शिक्षक विधायक डॉ बाबूलाल तिवारी ने 2023 में सदन में शिक्षकों के हितों पर ध्यानाकर्षण कराया। इस मामले को लगातार चर्चा में रखा गया। इसमें विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह की भी अहम भूमिका रही। कुल मिलाकर 28 मार्च को उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव द्वारा पत्र लिखकर शिक्षा निदेशक को भेजा गया कि प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के विषय विशेषज्ञों को पुरानी पेंशन से 2024 से आच्छादित किया जाए। इस पत्र ने 2 हजार से अधिक विषय विशेषज्ञों के जीवन में संजीवनी औषधि का काम किया है। सेवानिवृत विषय विशेषज्ञ बैनी प्रसाद पटेल ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें शिक्षक रहने के बाद भी हेय दृष्टि से देखा जाता था। क्योंकि उन जैसे विषय विशेषज्ञों की पेंशन 2 से 5 हजार ही आती थी। अब उनका सीना स्वाभिमान से चौड़ा हो गया है। सिर उठाकर वह भी समाज में जी सकेंगे। वहीं शिक्षक कैलाश नारायण ने कहा कि यह उनका और उन जैसे 2 हजार से अधिक शिक्षकों का नया जीवन शुरू हो रहा है।
इस पर विधान परिषद सभापति ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए समाज के प्रति उन्हें अपना दायित्व निर्वहन करने को कहा।
इस अवसर पर निपृत कुमार सोलंकी ,प्रद्युम्न दुबे ,प्रवीण चंद तिवारी, राजेंद्र सेंगर प्रधानाचार्य ,अशोक तिवारी प्रधानाचार्य,ओपी डांगी सुधांशु दीक्षित प्रधानाचार्य, तार बाबू इमामी मंसूरी आदि शिक्षक साथी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
