जबलपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। जिला प्रशासन की एलपीजी डीलरों के साथ लगातार हो रही बैठकों और संवाद के फलस्वरूप फिलहाल आठ डीलरों ने रसोई गैस सिलेंडरों की शत-प्रतिशत होम डिलेवरी प्रारंभ कर दी है।

बुधवार को जिला प्रशासन के एलपीजी नोडल अधिकारी सयुंक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र अहाके ने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कम्पनियों और रसोई गैस डीलरों के साथ लगातार संवाद से जिले में एलपीजी की आपूर्ति बेहतर हुई है। जिले को पर्याप्त मात्रा में एलपीजी मिल रही है। ऑयल मार्केटिंग कम्पनियों के भंडारण स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में एलपीजी का स्टॉक उपलब्ध है।
एलपीजी नोडल अधिकारी के मुताबिक जिले में वर्तमान में आठ रसोई गैस डीलरों ने सिलेंडर की शत-प्रतिशत होम डिलेवरी शुरू कर दी है। इन डीलरों में इंडियन ऑयल की विजय नगर स्थित स्वधीनता सेनानी गैस सेवा, मदनमहल स्थित कर्नल गैस सेवा एवं ग्वारीघाट स्थित नील गैस एजेंसी, भारत पेट्रोलियम की एकता चौक विजय नगर स्थित दुबे गैस एजेंसी एवं राँझी स्थित मिश्रा गैस एजेंसी तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड की गोहलपुर स्थित विश्वनाथ गैस एजेंसी, गौरीघाट रोड स्थित जैसवाल केयर एवं बरेला स्थित शरद गैस एजेंसी शामिल हैं।
होम डिलेवरी शुरू हो जाने से इन गैस एजेंसियों के सामने रिफिल के लिये लाइन लगना खत्म हो गई है। एलपीजी नोडल अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में सभी एजेंसियों से हॉकरों के माध्यम से शत-प्रतिशत होम डिलेवरी शुरू हो जाने से उपभोक्ताओं को कड़ी धूप में सिलेंडर के लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि रसोई गैस रिफिल की बुकिंग हो जाने के बाद एजेंसी जाने की अपेक्षा घर पर ही सिलेंडर की डिलेवरी का इंतजार करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
