नई दिल्ली. फोर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ,कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया ने अपने नए पाठ्यक्रम पॉलिटिकल लीडरशिप अंड गवर्नेंस को जारी करते हुए भारतीय महिलाओं का स्तर ऊंचा उठाने के लिए सशक्त नारी नामक कार्यक्रम आयोजित की जिसमें नब्बे कामकाजी महिलाओं को सिलाई मशीन प्रदान की गई। फोर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के सभागार में महिलाओं ने अपना परिचय देकर सिलाई मशीन प्राप्त कर काफी खुश नजर आईं और आयोजकों को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं आयोजकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया जिसमें क्षेत्र के विधायक श्री सतीश उपाध्याय प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन श्री उपाध्याय ने महिला दिवस का स्मरण करते हुए इस कार्यक्रम की सार्थकता को चिह्नित किया एवं सरकार की वर्तमान नीतियों में महिलाओं की भागीदारी को प्रमुख बताया।


सशक्त नारी नामक इस कार्यक्रम में एफ सी पी एल जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रोफेसर डॉक्टर अभय आनंद तिवारी ने बताया कि समाज के विकास के लिए महिलाओं को स्वावलंबी बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए उन्हें सबल बनाना आवश्यक है। सिलाई मशीन केवल एक उपकरण नहीं है बल्कि इसके माध्यम से महिलाएं मेहनत कर अपने परिवार को ऊंचा उठाने में सहायक सिद्ध होंगी।
इस अवसर पर फोर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ बी बी एल मधुकर ने कहा कि स्वस्थ्य समाज के निर्माण के लिए महिलाओं की भागीदारी हमेशा से प्रशंसनीय रही है,इसीलिए हमारी संस्था सशक्त नारी को और भी ताकतवर बनाने के लिए और उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ होकर समाज का प्रतिनिधित्व करने की प्रेरणा दी है ।
