मंडल के सभी स्टेशनों पर लगेंगी जीपीएस घडिय़ां, 24 पर हो चुकी है स्थापना

झांसी, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में यात्री सुविधाओं के उन्नयन और अवसंरचना विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसके परिणामस्वरूप ट्रेनों की समयपालनता में सुधार के साथ भविष्य में ट्रेनों की संख्या बढ़ने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं। मंडल के सभी स्टेशनों पर आधुनिक जीपीएस आधारित घड़ियों की स्थापना का कार्य तेजी से जारी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 24 स्टेशनों पर इन घड़ियों को स्थापित किया जा चुका है, जिससे यात्रियों को सटीक समय की जानकारी मिल रही है और परिचालन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनी है।
पत्रकारों को जानकारी देते हुए मण्डल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने गुरुवार काे बताया कि झांसी-कानपुर रेलखंड पर गति वृद्धि और सिग्नल प्रणाली के उन्नयन का कार्य प्रगति पर है। इसके पूर्ण होने के बाद इस व्यस्त रूट पर ट्रेनों के संचालन में तेजी आएगी और नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने वर्ष भर में झांसी मंडल द्वारा अर्जित उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
सुरक्षा के क्षेत्र में भी मंडल लगातार कदम उठा रहा है। स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ का हेतमपुर-मुरैना खंड पर कार्य तेज गति से चल रहा है। वहीं, मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए करीब 770 किलोमीटर रेल ट्रैक पर डब्ल्यू-बीम फेंसिंग का कार्य किया जा रहा है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्क्रैप निस्तारण के क्षेत्र में मंडल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। डीजल और इलेक्ट्रिक लोको शेड सहित विभिन्न इकाइयों से स्क्रैप निस्तारण कर मंडल ने 52 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। साथ ही, कार्मिक विभाग द्वारा 80 लाख दस्तावेजों का डिजिटलीकरण भी किया गया।
हरित ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए मंडल के कार्यालयों और स्टेशनों पर सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिससे अब तक 28 लाख रुपये से अधिक की बचत हुई है। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भी झांसी मंडल ने सभी प्रमुख सिस्टम को सुरक्षित कर अग्रणी स्थान हासिल किया है।
यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षित संचालन और आधुनिक अवसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से यात्रियों को भविष्य में अधिक सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं मिलेंगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
