मुंबई, 02 अप्रैल (हि.स.)। घाटकोपर के राजावाड़ी हॉस्पिटल के रीडेवलेपमेंट का काम अगले सप्ताह से शुरू करने का निर्देश मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने संबंधितों को दिया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल पर मरीज़ों की सेवा का बोझ ज्यादा है। ऐसे में उसके रीडेवलपमेंट के काम में किसी भी हालत में देरी नहीं की जानी चाहिए।

राजावाड़ी हॉस्पिटल को रीडेवलप किया जा रहा है। इसके तहत पहले चरण में लगभग 600 बेड की कैपेसिटी वाली बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव है। महापौर तावड़े ने गुरुवार को अस्पताल के प्रोजेक्ट साइट पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रीडेवलपमेंट के पहले चरण में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम अगले सप्ताह हर हाल में शुरू हो जाना चाहिए। महापौर ने इस बात पर नाराजगी जताई कि शिलान्यास के चार महीने बाद भी इमारत बनाने का काम शुरू नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि जहां भी प्रशासन को मुश्किलें आ रही हैं, उन मामलों को वरिष्ठों के ध्यान में लाया जाना चाहिए। ऐसी मुश्किलों को जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर हल किया जा सकता है। सभी ज़रूरी अनुमतियां लेना ठेकेदार का काम है। काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कंस्ट्रक्शन काम के दौरान मरीज़ों को परेशानी न हो। रीडेवलपमेंट के बारे में बीएमसी मुख्यालय में एक संयुक्त बैठक आयोजित कर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया जाए। इस मौके पर नगरसेवक धर्मेश गिरी, हॉस्पिटल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. भारती राजुलवाला सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
डिप्टी चीफ इंजीनियर मनोज राणे ने बताया किपहले चरण के तहत बनने वाली बिल्डिंग लोअर बेसमेंट, बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर प्लस 10 फ्लोर शामिल है। 600 बेड की क्षमता वाली इस बिल्डिंग में सभी लेटेस्ट मेडिकल सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए करीब 33 हजार 179 वर्ग मीटर का कंस्ट्रक्शन एरिया होगा। बिल्डिंग का शिलान्यास दिसंबर 2025 में किया गया था। माइनर मिनरल्स और रडार से जुड़ी अनुमति मिलते ही बिल्डिंग के कंस्ट्रक्शन का काम तुरंत शुरू हो जाएगा। बिल्डिंग पूरी होने के बाद पूरा हॉस्पिटल उसमें शिफ्ट कर दिया जाएगा। अगले चरण में दूसरी बिल्डिंग बनाई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
