शिमला, 03 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के रोहडू थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 190 नाइट्राजेपाम टैबलेट बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात न्यू सेरी रोहड़ू क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान सिद्धांत और गौरव के कब्जे से प्रतिबंधित नाइट्राजिपम टेबलेट की कुल 190 गोलियां बरामद की गईं। इन गोलियों का कुल वजन लगभग 106.4 ग्राम बताया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 29 और 61-85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी बिलासपुर जिले के डियारा सेक्टर के मूल निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद की गई ये गोलियां कहां से लाई गई थीं और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। जांच के अगले चरण में आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
