पश्चिम मेदिनीपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव आचार संहिता लागू रहने के बीच आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार देर रात बेलदा थाना क्षेत्र के बाखराबाद स्थित जगतपुर इलाके में विशेष अभियान चलाकर एक निजी कार से भारी मात्रा में अवैध देसी शराब बरामद की गई।

नारायणगढ़ आबकारी विभाग के सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिलने के बाद आबकारी पुलिस की एक टीम बाखराबाद इलाके में घात लगाकर बैठी थी। इसी दौरान सांकराइल से खालिना की ओर जा रही एक चार पहिया वाहन को रोका गया।
वाहन की तलाशी लेने पर अधिकारियों की आंखें खुली रह गईं। कार की पिछली सीट और डिक्की से कुल 220 लीटर देशी शराब बरामद हुई।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि झाड़ग्राम जिले के सांकराइल इलाके से इस अवैध शराब को बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। हालांकि पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही वाहन चालक और उसमें सवार तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
आबकारी पुलिस ने वाहन को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। फरार आरोपितो की तलाश शुरू कर दी गई है और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
